तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौतट्रक चालक मौके से फरार, पंतनगर पुलिस कर रही जांच

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौतट्रक चालक मौके से फरार, पंतनगर पुलिस कर रही जांच

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी,

लालकुआं-रुद्रपुर मार्ग पर पंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान साजिद पुत्र अबरार हुसैन, निवासी राजीव नगर, बंगाली कॉलोनी, लालकुआं के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साजिद रोज की तरह दिनेशपुर क्षेत्र में कार्य समाप्त कर देर शाम मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह लालकुआं-रुद्रपुर मार्ग पर पंतनगर थाना क्षेत्र के समीप पहुँचा, एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साजिद ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत पंतनगर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट व मोबाइल के माध्यम से मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया।

इस हृदयविदारक खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस का बयान:
पंतनगर थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ट्रक की पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।