जसपुर में स्वास्थ्य, नारी सशक्तिकरण और परिवार कल्याण अभियान के तहत मेगा स्वास्थ्य कैंप आयोजित

जसपुर में स्वास्थ्य, नारी सशक्तिकरण और परिवार कल्याण अभियान के तहत मेगा स्वास्थ्य कैंप आयोजित

लोकेशन :- जसपुर

रिपोर्टर : अज़ीम खान

जसपुर नगर में शुक्रवार को “स्वास्थ्य, नारी सशक्तिकरण और परिवार कल्याण अभियान” के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद उधम सिंह नगर से आई डॉक्टरों की टीम और स्थानीय चिकित्सकों ने मिलकर मरीजों की निशुल्क जांच की और उन्हें आवश्यक दवाएं भी बिना किसी शुल्क के वितरित कीं।

इस स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का रक्तचाप (BP), शुगर, खून की जांच सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। मरीजों का निशुल्क पंजीकरण कर उन्हें शिविर का पूरा लाभ प्रदान किया गया।

जनपद से पहुंचे एसीएमओ डॉ. डी.पी. सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यह मेगा हेल्थ कैंप प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में संपूर्ण उत्तराखंड में आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य पखवाड़े का हिस्सा है। डॉ. सिंह ने कहा:

“जसपुर में आज यह कैंप सफलतापूर्वक आयोजित किया गया है। आगामी 25 सितंबर 2025 को फिर से एक और शिविर जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित किया जाएगा। हम क्षेत्र की जनता से अपील करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और इसका लाभ उठाएं।”

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जसपुर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को जल्द ही दूर किया जाएगा ताकि लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस अवसर पर स्थानीय डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों ने इस आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के आयोजन की मांग की।