मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में की आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सतर्कता और तत्परता के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में की आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सतर्कता और तत्परता के निर्देश

स्थान : हल्द्वानी

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी के सर्किट हाउस में कुमाऊं मंडल के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, संचार व्यवस्था और परिवहन मार्गों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि, भूस्खलन और सड़क बाधाओं जैसी समस्याओं से निपटने के लिए प्रशासन पहले से पूरी तरह सतर्क रहे। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमें तैनात की जाएं और राहत सामग्री की पहले से पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन इकाइयों को निर्देशित किया कि आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदा के दौरान प्रभावित लोगों को समय पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर भी बल दिया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न जिलों में वर्षा और भूस्खलन से उत्पन्न हालात की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि प्रभावी रणनीति और समन्वित प्रयासों के जरिए राज्य आपदा जैसी परिस्थितियों से मजबूती से निपटने में सक्षम होगा।