भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का सतपाल महाराज ने किया स्थलीय निरीक्षण

भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का सतपाल महाराज ने किया स्थलीय निरीक्षण

रिपोर्टर : सचिन कुमार
स्थान : देहरादून

प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने आज लगातार दूसरे दिन देहरादून जनपद के भारी वर्षा, भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, पुलों और सिंचाई ढांचे को पहुंचे नुकसान का जायजा लिया और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री महाराज ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी, झाझरा सेतु, और किमाड़ी-मसूरी रोड गजियावाला में क्षतिग्रस्त सिंचाई विभाग की नहर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे मरम्मत कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुविधा मिल सके।

टपकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में हुई भारी क्षति का भी उन्होंने स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नवरात्रि से पूर्व तमसा नदी के दोनों किनारों पर स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए फोल्डिंग ब्रिज की संभावनाएं तलाशी जाएं।

मंत्री ने बताया कि क्षतिग्रस्त 8 सेतुओं में से 5 सेतुओं को स्थायी रूप से मरम्मत कर यातायात के लिए चालू कर दिया गया है। देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर शिव मंदिर के पास क्षतिग्रस्त सेतु पर बैली ब्रिज बनाकर उसे भी यातायात के लिए खोल दिया गया है।

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में जनता के साथ खड़ी है और प्रत्येक क्षतिग्रस्त अवसंरचना को जल्द दुरुस्त कर आम जनजीवन को सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।