

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : पौड़ी


अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या को तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस अवसर पर आज गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय, पौड़ी में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला।



श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। प्रदेश सरकार न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अब भी मामला हाई कोर्ट में लंबित है।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिस प्रकार की बर्बरता अंकिता के साथ हुई, उससे यह प्रतीत होता है कि न्याय अभी अधूरा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार आज भी न्याय की उम्मीद में है, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण न्याय प्रक्रिया में देरी हो रही है।


इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, जिला कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह रावत, जिला अध्यक्ष सोशल मीडिया उपेंद्र रावत, सौकर सिंह नेगी, नगर सचिव अनूप सिंह, नगर उपाध्यक्ष मनमोहन सिंह डेनियल, अनिल कुमार, मनोधर कुखशाल, गणेश थपलियाल समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सभा के अंत में अंकिता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और न्याय की लड़ाई को अंतिम अंजाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।


