बाजपुर से चोरी हुई क्रेटा कार को पुलिस ने किया बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार

बाजपुर से चोरी हुई क्रेटा कार को पुलिस ने किया बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार

स्थान – बाजपुर
रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

बाजपुर निवासी संदीप कुमार पुत्र रमेश चंद्र की हुण्डई क्रेटा कार की चोरी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उधम सिंह नगर पुलिस ने मात्र कुछ ही दिनों में वाहन को बरामद कर लिया है। इस केस में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधम सिंह नगर के आदेशानुसार दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सबसे पहले शिकायतकर्ता को साथ लेकर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और कई संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद तहरीर के आधार पर थाने में धारा 303 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक जाकर छानबीन की। साक्ष्य एकत्र करने के लिए तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिर तंत्र की भी सहायता ली गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस को गढ़मुक्तेश्वर फ्लाईओवर के नीचे एक संदिग्ध स्वीफ्ट डिज़ायर कार मिली, जिसमें दो व्यक्ति मौजूद थे। पूछताछ में उनकी पहचान हनुमान सिंह गुज्जर और गुज्जर उर्फ हन्नी पुत्र मंगतू राम गुज्जर निवासी बनावड़, थाना मंडावर, जिला दोसा (राजस्थान) के रूप में हुई। इनके साथ सतीश गुज्जर और भगवान सिंह गुज्जर के नाम भी प्रकाश में आए।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नैनीताल घूमने गए थे और लौटते समय बाजपुर से उक्त क्रेटा कार चोरी की थी। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस की इस तत्परता और कुशल रणनीति के चलते वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराध का शीघ्र खुलासा हुआ है, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।