अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की सीएम धामी ने की समीक्षा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की सीएम धामी ने की समीक्षा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

स्थान : देहरादून/उत्तराखंड
संवाददाता : धर्म राज

उत्तराखंड के कई हिस्सों में अतिवृष्टि से उत्पन्न आपदा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र से पूरे प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों की रियल टाइम समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से हालात की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा जाए, ताकि समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। धामी सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में बने रहे और राहत कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी करते रहे।

सीएम धामी ने कहा कि,

प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पानी, बिजली और संचार नेटवर्क की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और चिकित्सा सुविधा में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं, और अब तक बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि राहत सामग्री हर प्रभावित परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचे। सीएम धामी ने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है, और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

प्रदेश सरकार द्वारा इस आपदा से निपटने के लिए समन्वित प्रयासों के तहत एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।