कटापत्थर क्षेत्र में दो युवकों की तालीबानी सजा का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

कटापत्थर क्षेत्र में दो युवकों की तालीबानी सजा का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : विकासनगर
रिपोर्टर : इलाम सिंह चौहान

कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के कटापत्थर इलाके से एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को हॉकी और डंडों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पीड़ित युवक हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते हैं, लेकिन हमलावर उन पर लगातार हमला करते रहते हैं।

बताया जा रहा है कि इन युवकों को चोरी के शक में यह तालीबानी सजा दी गई है। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

पुलिस कर रही जांच
विकासनगर पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपियों और पीड़ित युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

सवालों के घेरे में भीड़ तंत्र
इस घटना ने एक बार फिर भीड़ के हाथों न्याय देने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली ऐसी घटनाएं न केवल अपराध हैं, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में न लें

घटना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जांच जारी है।