मसूरी-देहरादून मार्ग क्षतिग्रस्त, नदी पार कर रहे पर्यटक—स्थानीय युवाओं ने बढ़ाया मदद का हाथ

मसूरी-देहरादून मार्ग क्षतिग्रस्त, नदी पार कर रहे पर्यटक—स्थानीय युवाओं ने बढ़ाया मदद का हाथ

वैली ब्रिज के पास रास्ता बंद, रस्सियों और हाथ का सहारा बनकर सामने आए स्थानीय लोग

रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह

मसूरी , देहरादून, 17 सितंबर।
लगातार बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन और जलभराव के कारण वैली ब्रिज के पास मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे न सिर्फ स्थानीय लोग, बल्कि मसूरी घूमने आए पर्यटक भी परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अब नदी के रास्ते होकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ रहा है, जो तेज बहाव और बड़े-बड़े पत्थरों की वजह से काफी खतरनाक साबित हो रहा है

ऐसे कठिन हालात में स्थानीय युवाओं की टीम फरिश्ता बनकर सामने आई। रस्सियों और हाथ का सहारा देकर लोगों को नदी पार करवा रहे इन युवाओं की मदद से अब तक सैकड़ों लोग सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंच चुके हैं। युवाओं के इस जज्बे को पर्यटकों और स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है

पर्यटक मनोज कुमार, जो पिछले तीन-चार दिनों से मसूरी में फंसे थे, ने बताया,

“अब ड्यूटी पर लौटना जरूरी हो गया है, इसलिए हम पैदल ही निकल पड़े। नदी पार करना मुश्किल था, लेकिन स्थानीय लोगों ने बेहद सराहनीय कार्य किया, जिनकी मदद से हम सुरक्षित निकल पाए।”

स्थानीय निवासी सुंदर पुंडीर ने बताया कि उनकी टीम में करीब 70 स्वयंसेवक शामिल हैं, जो अलग-अलग जगहों पर जाकर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा,

“यह आपदा का समय है और ऐसे वक्त में हर व्यक्ति को मानवीय मूल्यों को समझते हुए आगे आना चाहिए।”

प्रशासन की ओर से मार्ग बहाली के प्रयास जारी हैं, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की यह स्वैच्छिक पहल संकट की घड़ी में उम्मीद की किरण बनकर उभरी है