डोली में अस्पताल पहुंचाया गया बुजुर्ग, सड़क ना होने से ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

डोली में अस्पताल पहुंचाया गया बुजुर्ग, सड़क ना होने से ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

स्थान: लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले के बुंगा राईकोट में सड़क के अभाव में विक्रम सिंह को डोली से अस्पताल लाए ग्रामीण, किया जोरदार प्रदर्शन


चंपावत जनपद में आधारभूत सुविधाओं की कमी एक बार फिर उजागर हुई है। बुधवार को लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बुंगा राईकोट गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग विक्रम सिंह बिष्ट की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन गांव तक चौपहिया वाहन न पहुंच पाने के कारण ग्रामीणों को डोली के सहारे उन्हें करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ा। वहां से बुजुर्ग को वाहन से लोहाघाट उप-जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

गांव के युवाओं राजेंद्र सिंह बिष्ट, विजय सिंह, सुरेश सिंह और जीवन सिंह ने बताया कि करीब 15 साल पहले विधायक निधि से सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन उसके बाद से सड़क की मरम्मत या विस्तार की कोई सुध नहीं ली गई। सड़क की हालत बरसात में जानलेवा हो जाती है, जिससे न केवल बीमार व गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी होती है, बल्कि बच्चों की स्कूल तक पहुंच और कृषि उत्पादों की ढुलाई भी प्रभावित होती है।

नेताओं पर साधा निशाना, किया प्रदर्शन

गांव के लोगों ने क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल आश्वासन देकर चले गए, कोई कार्य नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे बीजेपी की सरकार हो या कांग्रेस की, किसी ने भी गांव की सुध नहीं ली

सड़क में खड़े होकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें राजेंद्र सिंह बिष्ट, विजय सिंह बिष्ट, सुरेश सिंह, कैलाश सिंह, जीवन सिंह, चंचल सिंह, संजय सिंह, साहिल सहित कई युवा शामिल रहे।

चेतावनी: करेंगे चुनाव बहिष्कार

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंपावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जल्द सड़क सुधारीकरण की मांग की है, साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे और किसी भी नेता या प्रत्याशी को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर जनहित की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि नेता सिर्फ अपना घर भरते हैं, उन्हें जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।