क्वारब डेंजर ज़ोन की स्थिति के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा

क्वारब डेंजर ज़ोन की स्थिति के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा

रिपोर्ट – हरीश भण्डारी

अल्मोड़ा, 17 सितंबर

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने क्वारब डेंजर ज़ोन में लगातार बिगड़ती हालात के लिए कांग्रेस और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।

मंत्री टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार ने क्वारब की पहाड़ियों के ट्रीटमेंट के लिए बड़ी राशि मंजूर की है

  • हिल साइड ट्रीटमेंट के लिए 51 करोड़ रुपये,
  • और वॉली साइड ट्रीटमेंट के लिए 17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार पहाड़ियां दरक रही हैं, जिससे ट्रीटमेंट का कार्य और यातायात एक साथ संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा है।

“धरना-प्रदर्शन ने रोका बाईपास का कार्य”

मंत्री टम्टा ने बताया कि चार जिलों — अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत — के लोगों को राहत देने के लिए प्रभावित मोटर मार्ग के पास एक बाईपास निर्माण की योजना बनाई गई थी। बाईपास का काम तेज़ी से चल रहा था और 15 सितंबर तक इसे तैयार कर जनता को समर्पित किया जाना था।

लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि,

“अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी और कांग्रेस समर्थित कुछ अराजक तत्वों ने धरना-प्रदर्शन कर कार्य रुकवा दिया। यदि यह विरोध नहीं हुआ होता तो आज यह मार्ग तैयार होता और लाखों लोगों को राहत मिलती।”

“जनता की परेशानी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार”

केंद्रीय राज्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि,

“आज जो दिक्कतें जनता को झेलनी पड़ रही हैं, उसके लिए कांग्रेस और उनके जनप्रतिनिधि पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।”

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और क्वारब जैसे संवेदनशील इलाकों में कार्य सुचारू रूप से चले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।