पुलिस अभद्रता मामले में छात्रों का हंगामा, आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग

पुलिस अभद्रता मामले में छात्रों का हंगामा, आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग

 स्थान : पौड़ी      

रिपोर्ट : जय ममगाई

सड़क किनारे अपने दुपहिया वाहन पर बैठे छात्र के साथ पुलिसकर्मी द्वारा अभद्रता और धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सीओ सदर त्रिवेंद्र सिंह राणा से मुलाकात कर गंभीर नाराजगी जताई

क्या है मामला?

छात्र नेताओं के अनुसार, छात्र मलय नेगी बीते दिन सड़क किनारे अपने दोपहिया वाहन पर बैठा हुआ था। उसी दौरान वहां से एक पुलिस वाहन गुजर रहा था जो किसी अन्य वाहन के कारण फंस गया। इसी बीच पुलिसकर्मी वाहन से उतरकर छात्र के पास आया और

  • छात्र के साथ गाली-गलौज,
  • थप्पड़ मारने,
  • और जान से मारने की धमकी दी।
    इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा छात्र का दुपहिया वाहन सीज कर दिया गया और चालान में उसे चौपहिया वाहन के रूप में दर्शाया गया।

छात्र नेताओं ने जताया विरोध

छात्र संगठनों ने इस पूरे मामले को लेकर मित्र पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि यह घटना पुलिसिया मनमानी और दमनकारी रवैये का उदाहरण है। उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखीं:

  1. अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मी को तत्काल निलंबित किया जाए।
  2. पुलिस विभाग सार्वजनिक रूप से छात्र और समाज से माफी मांगे।
  3. गलत तरीके से सीज किए गए वाहन को उचित सम्मान के साथ छात्र को वापस किया जाए।

सीओ सदर ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन

सीओ सदर त्रिवेंद्र सिंह राणा ने छात्र नेताओं को निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी नागरिक के साथ अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करती और मामले की गहन जांच की जाएगी।

इन छात्र नेताओं ने उठाई आवाज

  • राजेश भंडारी (जिला अध्यक्ष, एनएसयूआई)
  • गौरव सागर (प्रदेश महासचिव, युवा कांग्रेस)
  • मोहित चौहान, आस्कर रावत, चिराग गुसाईं, अमन नेगी, आकाश रावत, दिवाकर सिंह, राज नेगी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद)

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।