हरिद्वार कॉरिडोर योजना के खिलाफ व्यापारियों का हल्ला बोल, बस अड्डा शिफ्टिंग पर जताई कड़ी आपत्ति

हरिद्वार कॉरिडोर योजना के खिलाफ व्यापारियों का हल्ला बोल, बस अड्डा शिफ्टिंग पर जताई कड़ी आपत्ति

स्थान – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज

हरिद्वार कॉरिडोर योजना के तहत शहर के बस अड्डे को शिफ्ट किए जाने के प्रस्ताव का विरोध अब उग्र रूप लेने लगा है। मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यापार मंडलों ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हर की पौड़ी से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

इस विरोध प्रदर्शन में कनखल, ज्वालापुर और हरिद्वार मुख्य बाज़ार क्षेत्रों से भारी संख्या में व्यापारी जुटे। “हल्ला बोल” नाम से आयोजित इस आंदोलन में व्यापारियों ने एकजुट होकर सरकार को दो टूक संदेश दिया कि बिना व्यापारियों की सहमति के बस अड्डे को किसी भी स्थिति में शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना संवाद और विचार-विमर्श के यह निर्णय लिया है, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो वे आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मांग की कि सरकार इस निर्णय को तुरंत वापस ले और कॉरिडोर योजना को लेकर एक बार फिर सभी हितधारकों के साथ खुली बातचीत करे।

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार कॉरिडोर योजना के तहत शहर को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कई बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं, जिनमें बस अड्डे को वर्तमान स्थान से हटाकर शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित करना भी शामिल है।