

देहरादून,

राजधानी देहरादून में हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में भारी तबाही का मंजर देखने को मिला है। इस आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दौरा किया।



धस्माना सबसे पहले शहर के आपदाग्रस्त इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर का भी दौरा किया। बता दें कि यह ऐतिहासिक मंदिर देहरादून की तमशा नदी के किनारे स्थित है और गुरु द्रोण की तपस्थली के रूप में भी विख्यात है।

हालिया भारी बारिश के चलते तमशा नदी उफान पर आ गई, जिससे मंदिर परिसर में भारी मात्रा में मलबा भर गया। इस दौरान मंदिर में राहत कार्यों की स्थिति को लेकर धस्माना ने चिंता जाहिर की।



उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह मंदिर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, लेकिन हैरानी की बात है कि आपदा के इतने दिन बाद भी यहां SDRF और NDRF जैसी सरकारी राहत एजेंसियों की कोई मौजूदगी नहीं है। मंदिर के महंत खुद कह रहे हैं कि अब तक सिर्फ मंदिर के स्वयंसेवकों ने ही राहत कार्यों की कमान संभाली है।”


कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस ऐतिहासिक स्थल की सफाई और मरम्मत के लिए कदम उठाने चाहिए।
स्थानीय लोगों ने भी बताया कि बारिश के बाद कई स्थानों पर रास्ते बाधित हो गए हैं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




