

देहरादून, 17 सितंबर

प्रदेशभर में लगातार हो रही भारी बारिश और उससे उत्पन्न आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचे। वहां उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग, SDRF, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।




मुख्यमंत्री ने राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के सभी जनपदों में भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली और युद्धस्तर पर राहत अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावितों के साथ है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “जो लोग लापता हैं, उनकी खोज में कोई कसर न छोड़ी जाए और प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मुहैया कराई जाए।” उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी फील्ड में जाकर स्थितियों का आंकलन करें और जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।




सीएम ने सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है, खासकर उन इलाकों में जहां मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उन्होंने राज्य आपदा परिचालन केंद्र को निर्देश दिए कि सभी जनपदों और विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

राहत कार्यों को लेकर दिए गए प्रमुख निर्देश:
- बचाव कार्यों में तेजी लाएं और प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
- पेयजल विभाग को जल्द आपूर्ति बहाल करने और गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश।
- स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए कदम उठाने को कहा।
- बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन को टिहरी-नरेंद्रनगर मार्ग तुरंत चालू करने के निर्देश।
- बीजापुर कैनाल दो दिन में दुरुस्त करने और मसूरी में फंसे पर्यटकों की सुरक्षित वापसी के निर्देश।
- आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पहाड़ी क्षेत्रों में हर हाल में जारी रखने के निर्देश।
- नदियों और नालों की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन कार्य अविलंब शुरू करने के निर्देश।
- रिवर बेड की ऊंचाई का तुलनात्मक अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश।


मुख्यमंत्री ने SDRF, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम आदि फील्ड टीमों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और जनसामान्य को हर संभव सहायता दें।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने उन्हें फोन कर राज्य की स्थिति की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।


मुख्यमंत्री धामी ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और संयम बनाए रखें। राज्य सरकार हर नागरिक के साथ है और संकट की इस घड़ी में किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।



