मुख्यमंत्री धामी ने की तहसील दिवसों की समीक्षा, समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

मुख्यमंत्री धामी ने की तहसील दिवसों की समीक्षा, समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर


रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

बाजपुर | 16 सितंबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से आयोजित तहसील दिवसों में प्राप्त जन समस्याओं और उनके निस्तारण की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद भी किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जन समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और संतोषजनक रूप से हल करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तहसील या विकासखंड स्तर पर संभव है, उन्हें वहीं पर हल किया जाए ताकि फरियादियों को ऊपरी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने सभी बीडीसी, जिला पंचायत बैठकों और तहसील दिवसों में वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

बाजपुर में 227 शिकायतें, 52 का मौके पर समाधान

बाजपुर के श्री रामभवन धर्मशाला सभागार में आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान है। तहसील दिवस में सड़क, बिजली, पानी, राशन कार्ड, सिंचाई, आवास, पेंशन, चकबंदी समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 227 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 52 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तहसील दिवस में प्राप्त जन समस्याओं का व्यक्तिगत रुचि लेकर समाधान करें। उन्होंने यह भी कहा कि जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो सकीं, उन्हें सम्बंधित विभागों को भेजा गया है और उनके निस्तारण की समयसीमा तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री जनसमर्पण पोर्टल पर अपलोड की जाएं समस्याएं

श्री उपाध्याय ने यह भी निर्देश दिया कि तहसील दिवस में पंजीकृत सभी समस्याएं मुख्यमंत्री जनसमर्पण पोर्टल पर अपलोड की जाएं ताकि उनके समाधान की प्रगति पर नजर रखी जा सके। साथ ही, उन्होंने नदी, नालों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ेगी

किसानों की मांग पर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष 20 प्रतिशत अधिक धान क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे और सभी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएंगी।