

अल्मोड़ा | 16 सितंबर 2025

प्रदेश के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने मंगलवार को प्राचीन जागेश्वर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जागेश्वर मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रही निर्माण गतिविधियों का जायज़ा लिया और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता व गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।



पर्यटन सचिव ने कहा कि जागेश्वर धाम में वैश्विक स्तर पर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को आकर्षित करने की असीम संभावनाएं हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से धाम की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।




स्थानीय संवाद और हितधारकों का सहयोग प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान श्री गर्ब्याल ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और आश्वस्त किया कि विकास कार्यों में स्थानीय हितधारकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जनहित और सांस्कृतिक संरक्षण को साथ लेकर चलना है।




उपस्थित अधिकारीगण और निर्देश
इस अवसर पर डीटीडीओ प्रकाश खत्री, तहसीलदार बरखा जलाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, और स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
पर्यटन सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



