मौसम बना बाधा: केदारनाथ हेली सेवा आज भी रही ठप, 500 से अधिक यात्रियों की बुकिंग रद्द

मौसम बना बाधा: केदारनाथ हेली सेवा आज भी रही ठप, 500 से अधिक यात्रियों की बुकिंग रद्द

देहरादून, 16 सितम्बर। केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत खराब मौसम की भेंट चढ़ गई। सोमवार को भी घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम के कारण हेली सेवा शुरू नहीं हो सकी, जिससे 500 से अधिक तीर्थ यात्रियों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी।

गौरतलब है कि 15 जून को सुरक्षा कारणों से बंद की गई हेली सेवा को सोमवार से दोबारा शुरू किया जाना था। आईआरसीटीसी के माध्यम से बुक किए गए टिकटों के तहत छह हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था की गई थी। लेकिन खराब मौसम के चलते कोई भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ धाम तक पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा। यात्रियों ने देर शाम तक मौसम के साफ होने का इंतजार किया, लेकिन हेली सेवा चालू नहीं हो पाई।

त्रियुगीनारायण में स्थापित नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (ATC) भी कंपनियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए मजबूर कर रहा है।

बीते साल हुई हेली दुर्घटनाओं को देखते हुए कंपनियां ‘सुरक्षा पहले’ की नीति पर चल रही हैं।

एटीसी अधिकारी लगातार मौसम की निगरानी कर रहे हैं, और हालात सामान्य होने पर ही सेवाएं शुरू की जाएंगी।