

मोहन गिरी— संवाददाता

थराली, 16 सितम्बर। चमोली जिले के थराली तहसील अंतर्गत चेपड़ो क्षेत्र में 22 अगस्त की रात आई भीषण आपदा के बाद अब क्षेत्र में धीरे-धीरे जनजीवन सामान्य हो रहा है। हालांकि, राहत और पुनर्वास के काम को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।




थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से राहत पैकेज को लेकर किए जा रहे दावे सिर्फ कागज़ों तक सीमित हैं।


उन्होंने कहा कि आपदा के 24 दिन बाद भी सोल घाटी को जोड़ने वाली सड़क नहीं खुल पाई है, जिससे लोगों की दिक्कतें लगातार बनी हुई हैं। इसके अलावा कुराड़, पार्था और देवाल के वाण गांव को जोड़ने वाली सड़कें भी अभी तक बहाल नहीं की जा सकी हैं।




डॉ. जीतराम ने आरोप लगाया कि सरकार राहत वितरण में भी भेदभाव कर रही है और कई वास्तविक आपदा पीड़ित अब भी सरकारी मदद से वंचित हैं।
गौरतलब है कि थराली में आई आपदा के बाद से क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे आवाजाही और राहत कार्यों में भारी कठिनाई हो रही है।



