

लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश, 16 सितंबर। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत नाव घाट पर रविवार आधी रात को एक मार्मिक हादसा सामने आया, जिसमें ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से आए मां-बेटे ने गंगा में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद बेटा तो एक चट्टान पर अटक गया और बचा लिया गया, लेकिन मां का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।



घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद 26 वर्षीय यश श्रीधर को सकुशल बाहर निकाला। वहीं, 50 वर्षीय बीना श्रीधर की तलाश के लिए नाव घाट से लेकर हरिद्वार तक गंगा में सर्च ऑपरेशन जारी है।


पूछताछ में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। थाना प्रभारी संतोष पैथवाल के अनुसार, युवक यश श्रीधर ने बताया कि उसके पिता का निधन वर्ष 2023 में हो गया था, जिसके बाद वह मानसिक और आर्थिक संकट में घिर गया। नौकरी छूटने और बढ़ते कर्ज के बोझ से परेशान होकर उसने मां के साथ आत्महत्या करने का मन बनाया।


दोनों ने ऋषिकेश पहुंचकर एक होटल में कमरा लिया और फिर आधी रात को चुपचाप नाव घाट पहुंचे। गंगा में उतरने के बाद यश तो किसी तरह बच गया, लेकिन मां की खोज अब भी जारी है।

एसडीआरएफ टीम के अनुसार, यदि मौसम ने साथ दिया तो जल्द ही राहत की कोई खबर मिल सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के कदम उठाने से पहले मदद लेने में हिचकिचाएं नहीं।




