प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली के विरोध में शिक्षकों ने किया तर्पण, आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली के विरोध में शिक्षकों ने किया तर्पण, आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

17 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी

पौड़ी गढ़वाल, 15 सितंबर
संवाददाता: भगवान‌ सिंह पौड़ी

राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेशभर में प्रधानाचार्य विभागीय सीधी भर्ती नियमावली को निरस्त करने की मांग को लेकर श्राद्ध पक्ष के दौरान तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में जनपद मुख्यालय पौड़ी में भी शिक्षकों ने नियमावली की “आत्मा की शांति” के लिए तर्पण कर विरोध जताया।

कार्यक्रम का आयोजन पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान शिक्षकों में सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला।


18 अगस्त से आंदोलनरत हैं शिक्षक

राजकीय शिक्षक संघ 18 अगस्त से लगातार आंदोलनरत है, लेकिन सरकार और विभाग की चुप्पी ने शिक्षकों के धैर्य की परीक्षा ले ली है।
जिला संरक्षक जयदीप रावत ने बताया कि “सरकार न तो संवाद के लिए तैयार है, और न ही समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल कर रही है।”


17 सितंबर को होगा मुख्यमंत्री आवास घेराव

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भवान सिंह नेगी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो शिक्षक 17 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
उन्होंने कहा कि “अब आर-पार की लड़ाई का वक्त आ गया है। शिक्षक अपने हक की लड़ाई के लिए हर स्तर पर आंदोलन करने को तैयार हैं।”


मातृशक्ति भी उतरेगी सड़कों पर

जिला महिला संगठन मंत्री कंचन लिंगवाल ने कहा कि आगामी घेराव में महिला शिक्षक बड़ी संख्या में भाग लेंगी।
“हम शिक्षिकाएं भी अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध हैं,” उन्होंने कहा।


तर्पण कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख शिक्षक नेता

कार्यक्रम में पुरोहित तेजराम ममगाईं ने वैदिक विधि से तर्पण संपन्न कराया।
इस दौरान कालिका प्रसाद बड़थ्वाल, अजय डिमरी, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज कुमार बिष्ट, संरक्षक संग्राम सिंह नेगी सहित कई शिक्षक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


शिक्षकों का कहना है कि यदि सरकार जल्द नियमावली को वापस नहीं लेती, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी और उग्र रूप दिया जाएगा।