

2027 चुनाव की तैयारियों को लेकर हल्द्वानी में राजनीतिक रणनीति पर हुई चर्चा

हल्द्वानी | 14 सितंबर 2025
भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की एक संयुक्त सभा का आयोजन शनिवार को गोलछा कंपाउंड स्थित प्रदेश उप कार्यालय में किया गया। सभा की अध्यक्षता आसपा के जिलाध्यक्ष जीवन चंद्र आर्य ने की, जबकि संचालन भीम आर्मी नगर सचिव संजय कुमार टम्टा ने किया।



सभा के मुख्य अतिथि आसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सिराज अहमद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि आज़ाद समाज पार्टी उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने की योजना बना रही है।

स्वच्छ छवि के उम्मीदवारों को ही मिलेगा टिकट
प्रदेश उपाध्यक्ष सिराज अहमद ने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के कार्यों में अभी से जुट जाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि पार्टी केवल स्वच्छ छवि वाले और समाज में जनाधार रखने वाले उम्मीदवारों को ही टिकट देगी।


हल्द्वानी में दलित-मुस्लिम एकता पर जोर
जिलाध्यक्ष जीवन चंद्र आर्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि हल्द्वानी में दलित-मुस्लिम एकता का उदाहरण पेश करते हुए विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज से और लोकसभा व नगर निगम चुनाव में जिताऊ दलित चेहरे को उतारने की कोशिश की जाएगी।
हल्द्वानी प्रत्याशी को लेकर सामने आए दो नाम
59-विधानसभा अध्यक्ष फिरोज़ खान ने सभा में सुझाव दिया कि हल्द्वानी विधानसभा सीट के लिए इसी बैठक में प्रत्याशी के नाम का प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समाज से टिकट देना हो, तो सिराज अहमद और नफीस अहमद खान दो प्रमुख नाम हैं।
वहीं अगर दलित समाज से कोई मज़बूत चेहरा सामने आता है, तो उस पर भी सभी की सहमति से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बतौर विधानसभा अध्यक्ष वह इन दोनों नामों का प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष को भेजेंगे।

सभा में मौजूद प्रमुख कार्यकर्ता
बैठक में सिराज अहमद, नफीस अहमद खान, जीवन चंद्र आर्य, महेश चंद्र आर्य, जीतराम, हरीश लोधी, फिरोज़ खान, खीम चंद्र आर्य, आकाश भारती, नवीन मूलनिवासी, रिज़वान गुड्डू, संजय कुमार टम्टा, राजू राजभर, रामकुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा में 2027 की तैयारियों को गति देने के साथ, सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया।



