

रिपोर्ट : दीपक नौटियाल
स्थान : उत्तरकाशी



उत्तरकाशी। उत्तराखंड के वयाणा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के बाथरूम में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। जब पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने मृतका के जेठ को सूचना दी।



मृतका के जेठ ने तुरंत मनेरी थाने को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मनेरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।




थाना प्रभारी मनेरी ने बताया कि आरोपी का नाम विष्णु है और उसे महिला पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।


घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के गांव से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए जबरदस्त हंगामा किया। पुलिस को मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।


