

रिपोर्टर : अरशद हुसैन
स्थान : रुड़की


नारसन (हरिद्वार)। नारसन ब्लॉक के अंतर्गत घोसीपुरा गांव में इन दिनों पशुपालकों की चिंता बढ़ती जा रही है। गांव के लगभग 50 पशु एक रहस्यमयी बीमारी की चपेट में आ गए हैं। अब तक चार पशुओं की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल है।



मृत पशुओं की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस गंभीर मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी, जिन्होंने कई बार क्षेत्रीय पशु चिकित्सक मनोज कुमार को फोन और संदेश के माध्यम से सूचित किया, लेकिन चिकित्सक अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।



इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पशु चिकित्सक गांव में आकर बीमार पशुओं का इलाज करते, तो शायद जानवरों की जान बचाई जा सकती थी।



ग्रामीणों की मांग:
- पशु चिकित्सक मनोज कुमार पर कार्रवाई हो
- गांव में मेडिकल टीम भेजी जाए
- बीमार पशुओं का तत्काल उपचार शुरू हो
- मृत पशुओं के मुआवजे की व्यवस्था की जाए

गांव के वरिष्ठ ग्रामीणों और पशुपालकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके और आगे और पशु हानि से बचा जा सके।


