

स्थान-लोहाघाट

संवाद्दाता-लक्ष्मण बिष्ट



लोहाघाट विकासखंड की ग्राम सभा कोली ढेक में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक हाई वोल्टेज विद्युत सप्लाई गांव में पहुंची, जिससे टीवी, फ्रिज, मोटर, बल्ब, मिक्सी और लैपटॉप जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। इस घटना से कई ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।


गुरुवार को ग्राम प्रधान अलका ढेक के नेतृत्व में आनंद ढेक, उत्कर्ष जोशी सहित कई ग्रामीणों ने एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों को हुए नुकसान की भरपाई की मांग की।

मरम्मत के बाद आई हाई वोल्टेज सप्लाई
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार दोपहर को विद्युत विभाग द्वारा गांव में बिजली लाइन की मरम्मत की गई थी। मरम्मत के बाद जब शाम को सप्लाई बहाल की गई, तो अचानक हाई वोल्टेज से कई घरों में उपकरण जल गए। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि कई परिवारों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।


विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप
ग्राम प्रधान अलका ढेक और पूर्व छात्र नेता आनंद ढेक ने इसे विद्युत विभाग की लापरवाही करार देते हुए कहा कि यदि लाइन की जांच सही ढंग से की जाती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने बताया कि कई ग्रामीण आर्थिक रूप से कमजोर हैं, और उनके लिए यह नुकसान कठिन संकट जैसा है।
आनंद ढेक ने कहा कि,

“हम कल जिला अधिकारी चंपावत और अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग से मुलाकात कर इस मामले में पीड़ित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे। यदि हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हम ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने को विवश होंगे।”
अन्य ग्रामीणों से ली जा रही है नुकसान की जानकारी
आनंद ढेक ने बताया कि अभी अन्य प्रभावित ग्रामीणों से भी उनके नुकसान का ब्यौरा लिया जा रहा है, ताकि प्रशासन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपकर सभी पीड़ितों को उचित राहत दिलाई जा सके।
ग्राम प्रधान अलका ढेक ने कहा:
“यह पूरी तरह विद्युत विभाग की लापरवाही का नतीजा है। हमारी ग्राम सभा के लोगों को हुए भारी नुकसान की भरपाई की जाए, अन्यथा हम शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”

मुख्य बिंदु:
कोली ढेक गांव में हाई वोल्टेज सप्लाई से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंके
लाखों रुपये का नुकसान, कई परिवार प्रभावित
एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग
विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
प्रशासन से कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी


