रानीखेत–रामनगर संपर्क मार्ग टूटने पर कांग्रेस ने उठाई आवाज़

रानीखेत–रामनगर संपर्क मार्ग टूटने पर कांग्रेस ने उठाई आवाज़

स्थान : रानीखेत

रानीखेत। भारी बारिश से रानीखेत–रामनगर संपर्क मार्ग टूट जाने के बाद जनता को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मार्ग की शीघ्र मरम्मत, वैकल्पिक व्यवस्था अथवा वैली ब्रिज निर्माण की मांग की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर आवागमन बाधित है, जिससे क्षेत्र की जनता, विद्यार्थी, व्यापारी और मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वन विभाग की आपत्तियों से कार्य अधर में लटका हुआ है।

ज्ञापन में कहा गया कि जनता की लंबे समय से वैली ब्रिज की मांग रही है और तकनीकी विशेषज्ञ भी इसे स्थायी समाधान मानते हैं। इसके बावजूद विभाग अस्थायी विकल्पों पर जोर दे रहा है, जो जनता के साथ अन्याय है।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि यदि मार्ग पर वैली ब्रिज का निर्माण जल्द सुनिश्चित नहीं किया गया और अवरोधों को दूर नहीं किया गया तो जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, सीमा, जीतन जयाल, माया बिष्ट, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।