

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कुशल प्रशासक पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती यहां पं. गोविंद बल्लभ पंत पार्क में धूमधाम से मनाई गई। समारोह का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ।


मुख्य अतिथि छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी कुनाल रोहिला ने पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंत जी के आदर्शों और मूल्यों से प्रेरणा लेकर देश के नव निर्माण में योगदान देना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


विशिष्ट अतिथि विधि आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष एडवोकेट दिनेश तिवारी ने पंत जी को महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने गरीब, दलित, शोषित और वंचित वर्ग को ऊपर उठाने में अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर हरि सिंह कड़ाकोटी ने भी पंत जी के योगदान को याद किया।


समारोह समिति अध्यक्ष विमल सती ने कहा कि इस तरह के आयोजन महापुरुषों को समझने और उनसे सीखने का अवसर देते हैं। वहीं, सभासद मोहन नेगी ने पंत जी के राष्ट्र उत्थान कार्यों को रेखांकित किया।

इस अवसर पर शहर के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पुष्पमालाओं और स्मृति चिह्नों से सम्मान किया। मुख्य अतिथि कुनाल रोहिला और मंचासीन अतिथियों ने बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए।


दोपहर में मिशन इंटर कॉलेज में शिक्षा विभाग की ओर से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवनवृत्त पर अंतरविद्यालयी भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जिया मेहरा (राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज) प्रथम, चांदनी कुमारी (मिशन इंटर कॉलेज) द्वितीय और तनूजा जोशी (नेशनल इंटर कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता का संचालन परमवीर मेहरा और गौरव भट्ट ने किया।


समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


