स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


भद्रकाली से ढालवाला की ओर आने वाले मार्ग पर ढलान में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे स्कूटी से जा रहे दो युवक भी बस की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर RJ 18 PB 1409 की यात्री बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के बाद बस में सवार सभी यात्री दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान भद्रकाली पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर ढलान में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।


ब्रेक फेल होने के बाद बस चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन ढलान के कारण बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस विपरीत दिशा में जाकर पहाड़ी से टकराई और सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।


बस के पलटने के दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे स्कूटी सवार दो युवक भी इसकी चपेट में आ गए। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को दी।

घायलों को एंबुलेंस की मदद से चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान स्कूटी सवार दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


नरेंद्रनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि हादसे में बस में सवार 11 यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है।




घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गई। स्थानीय पुलिस और अन्य राहत दलों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित किया। दुर्घटना के कारणों और बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है।

हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर ढलान वाले हिस्सों में वाहनों की सुरक्षा और तकनीकी जांच की जरूरत को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे में जान गंवाने वाले दोनों स्कूटी सवारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

