गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का विधिवत शुभारंभ, नवगठित कार्यकारिणी ने ली शपथ

गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का विधिवत शुभारंभ, नवगठित कार्यकारिणी ने ली शपथ

स्थान : गौचर (चमोली)
ब्यरो रिपोर्ट

चमोली जिले के गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने रिबन काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, जिला अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सभी ने प्रेस क्लब के गठन और कार्यालय की स्थापना को स्थानीय पत्रकारिता के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रेस क्लब के गठन से क्षेत्र के पत्रकारों को एक साझा मंच मिलेगा। इसके माध्यम से पत्रकार आपसी समन्वय को मजबूत करने के साथ ही पत्रकारिता से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर सकेंगे। संगठन की मजबूती से पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने में भी सहयोग मिलेगा।

प्रेस क्लब कार्यालय खुलने से स्थानीय पत्रकारों को बैठकों, विचार-विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने और निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय की स्थापना को क्षेत्र में पत्रकारों की एकजुटता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।