बनबसा में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार, 7.38 लाख रुपये की स्मैक बरामद

बनबसा में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार, 7.38 लाख रुपये की स्मैक बरामद

स्थान : चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद चंपावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 24.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 350 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में बनबसा पुलिस ने 20 अक्टूबर 2026 की रात धनुषपुल चौकी चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को रोककर तलाशी ली।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान गौरव सक्सेना (24) के कब्जे से 8.13 ग्राम, देवेंद्र सिंह (54) के कब्जे से 8.15 ग्राम और अनूप सक्सेना उर्फ कल्लू (28) के कब्जे से 8.32 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तीनों के पास से कुल 24.60 ग्राम स्मैक मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बनबसा के मीना बाजार स्थित वार्ड नंबर पांच के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अनूप सक्सेना थाना बनबसा का हिस्ट्रीशीटर है, जबकि गौरव सक्सेना भी पूर्व में स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गौरव और अनूप सगे भाई हैं तथा देवेंद्र सिंह उनका मामा है। तीनों के खिलाफ बनबसा थाने में मुकदमा संख्या 84/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27/60 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अनूप सक्सेना के खिलाफ पूर्व में आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 से 2025 तक बनबसा थाने में दर्ज मामले शामिल हैं। इसके अलावा नानकमत्ता थाने में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

वहीं, गौरव सक्सेना के खिलाफ भी पूर्व में बनबसा थाने में भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्मैक के अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 350 रुपये नकद बरामद किए। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 7.38 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस मामले में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में बनबसा थानाध्यक्ष विनय मित्तल, उपनिरीक्षक दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल नईम अहमद तथा कांस्टेबल प्रवीण कुमार और उमेश प्रसाद शामिल रहे। चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें और नशामुक्त समाज बनाने के अभियान में सहयोग दें।