
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती और नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के योगदान को याद किया गया।




पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बताया गया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के कुल 154 अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। इन सभी वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नमन किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।


कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पुलिस के शहीद उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार के साहसिक कार्यों और बलिदान का भी स्मरण किया गया। टिहरी गढ़वाल जनपद में तैनात रहे उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनके योगदान को याद करते हुए उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।



श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सुसज्जित सलामी गार्ड ने शोक शस्त्र की कार्रवाई करते हुए शहीदों को शोक सलामी दी। पूरे परिसर में गरिमामय वातावरण के बीच वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। अधिकारियों ने शहीदों के त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।




कार्यक्रम में रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल के प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों, चौकियों और शाखाओं के प्रभारी तथा पुलिस कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना, जिन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए नैनीताल पुलिस ने अमर शहीदों को नमन किया।
