स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खटीमा के लोहियाहेड पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर क्षेत्र का भ्रमण किया और दिवंगत दीवान सिंह धामी एवं दिवंगत पुष्पा देवी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनों को खोने का दुख बेहद पीड़ादायक होता है। राज्य सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।



मुख्यमंत्री के लोहियाहेड पहुंचने की सूचना पर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के पैदल चलते हुए आम लोगों से मुलाकात की और उनसे क्षेत्र की स्थिति तथा स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली।


शोकाकुल परिवारों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री स्थानीय बाजार में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदार रवि के स्टॉल पर रुककर टिक्की का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग काफी उत्साहित नजर आए।


मुख्यमंत्री ने टिक्की का स्वाद लेने के साथ ही दुकानदार से उसके कारोबार के बारे में बातचीत की। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों और खान-पान को बढ़ावा देना जरूरी है।


मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।




मुख्यमंत्री के इस सहज और आम लोगों के बीच घुलने-मिलने वाले अंदाज की स्थानीय लोगों ने सराहना की। बाजार में मौजूद व्यापारियों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिले।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

