लोहाघाट की अनुसूचित जाति बस्ती की महिलाएं पेयजल संकट से त्रस्त, जल निगम के खिलाफ धरना”

लोहाघाट की अनुसूचित जाति बस्ती की महिलाएं पेयजल संकट से त्रस्त, जल निगम के खिलाफ धरना”

स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

कोली ढेक ग्राम सभा की अनुसूचित जाति बस्ती की महिलाओं ने वर्षों से चल रही पेयजल समस्या को लेकर शनिवार को एसडीएम कार्यालय लोहाघाट में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। रेखा देवी के नेतृत्व में आईं महिलाओं ने जल निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

महिलाओं का आरोप है कि पिछले छह वर्षों से हर घर नल योजना के तहत पाइप तो बिछा दिए गए, लेकिन आज तक उनमें पानी की एक बूंद भी नहीं आई। जो पानी कभी-कभी मिलता है, उससे भी केवल दो बाल्टी पानी ही प्राप्त होता है। ग्रामीणों को तीन किलोमीटर दूर स्थित कोली झील से पानी भरने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

एसडीएम नीतू डांगर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल निगम के अधिकारियों को तलब किया और 15 जून तक समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक महीने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी आपूर्ति की जाए और अस्थाई स्टैंड पोस्ट लगाए जाएं।

जल निगम के सहायक अभियंता एन.के. गरकोटी और धीरज जोशी ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि एक माह के भीतर स्थायी समाधान किया जाएगा।

इस मौके पर उपस्थित महिलाओं — ममता देवी, शांति देवी, आशा देवी, धनी देवी, दीपा देवी, सुमन देवी, इशिता, किरन देवी, भावना, संगीता देवी, गोविंद देवी, पूनम देवी आदि — ने प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए स्पष्ट किया कि अगर एक महीने में वादा पूरा नहीं हुआ तो वे बड़ा जनांदोलन करेंगी।

इस मामले में डीएम चंपावत नवनीत पांडे ने भी जल निगम के कार्य पर नाराजगी जाहिर की है और अधिकारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि इस बार विभाग वादे पर खरा उतरता है या फिर यह भी पूर्व की तरह केवल आश्वासन बनकर रह जाएगा।