

नैनीताल

रिपोर्ट-ललित जोशी

सरोवर नगरी नैनीताल से सटे ग्रामीण क्षेत्र बजून में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पिता और उसकी नाबालिग पुत्री ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना मंगलवार देर शाम सामने आई, जब ग्रामीणों को इस बारे में जानकारी मिली।



बताया जा रहा है कि पिता-पुत्री ने किसी अज्ञात कारणवश जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।


घटना की सूचना पर राजस्व पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पटवारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। गांव में शोक की लहर है, और परिजन गहरे सदमे में हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की गहराई से जांच की जाए और परिवार को मानसिक, सामाजिक व आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।



