
स्थान : बनबसा (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी विधानसभा चंपावत के सीमांत बनबसा क्षेत्र के दौरे पर रहे। बनबसा पहुंचने पर भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद चंपावत में 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने 21 विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया।





मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चंपावत के संकल्प, प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। योजना के अंतर्गत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन तथा सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है।

शारदा कॉरिडोर परियोजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा पूर्णागिरि धाम में भी कई महत्वपूर्ण विकास कार्य गतिमान हैं।



मुख्यमंत्री ने खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण से पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर प्राप्त होंगे।


इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और कांग्रेस का काम अब केवल सरकार पर आरोप लगाना रह गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
बनबसा में विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री ने आदर्श चंपावत के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। जल निकासी, परिवहन, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़ी इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीमांत क्षेत्र में विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

