

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के सीमांत क्षेत्र मानाढुंगा के खिलपिती गांव में सोमवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक गुलदार अचानक एक गौशाला में घुस गया और वहां बंधी गाय-भैंसों के बीच आराम से बैठ गया। खास बात यह रही कि गुलदार ने किसी भी मवेशी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।


जानकारी के अनुसार खिलपिती निवासी द्वारिका सिंह की गौशाला में सोमवार दोपहर एक गुलदार घुस आया। आमतौर पर गुलदार के हमलों की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन इस बार उसका व्यवहार बिल्कुल अलग देखने को मिला।



भाजपा नेता दीपक जोशी ने बताया कि जब परिवार के सदस्य मवेशियों को चारा डालने के लिए गौशाला पहुंचे तो उनकी नजर गुलदार पर नहीं पड़ी। इस दौरान गुलदार भी पूरी तरह शांत बैठा रहा और उसने किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद जब परिजनों ने मोबाइल की रोशनी की तो गौशाला के भीतर बैठा गुलदार दिखाई दिया। गुलदार को अचानक सामने देखकर परिवार के लोग घबरा गए और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि स्थिति को भांपते हुए गुलदार ने भी कोई आक्रामक रुख नहीं अपनाया। मौका मिलते ही वह गौशाला से बाहर निकलकर जंगल की ओर भाग गया। घटना के दौरान किसी व्यक्ति या मवेशी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

इस अनोखी घटना की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई। गुलदार के शांत व्यवहार को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर पहुंच गए।


ग्रामीणों ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में गुलदार मवेशियों के बीच शांत अवस्था में बैठा दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में आए दिन गुलदार के हमलों की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है। ऐसे में बिना किसी नुकसान के गुलदार का गाय-भैंसों के साथ शांतिपूर्वक बैठना लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बना हुआ है।

