लोहाघाट में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां

लोहाघाट में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा सोमवार को अपने चंपावत जनपद दौरे के दौरान लोहाघाट पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। नगर पालिका सभागार में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन में उन्होंने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित प्रबुद्ध जनों एवं मातृशक्ति का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही उन्होंने लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अजय टम्टा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, विज्ञान, तकनीक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अजय टम्टा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय देश आतंकवाद, भ्रष्टाचार और घोटालों की समस्याओं से जूझ रहा था। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने इन चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और सुशासन को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अब विकास और शांति का वातावरण है तथा वहां तिरंगा पूरी शान से लहरा रहा है। साथ ही उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा, सेना के आधुनिकीकरण और रक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेना को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया गया है और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

अजय टम्टा ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति तथा अंतरिक्ष कार्यक्रमों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश की मातृशक्ति विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है और भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।

उत्तराखंड के विकास का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऑल वेदर रोड जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने राज्य की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत हुआ है और पर्यटन के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से नए आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के लिए “12 साल बेमिसाल” साबित हुए हैं।