

स्थान : मसूरी (देहरादून)
ब्यरो रेपोर्ट


मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज ढलान पर अनियंत्रित हुई एक मारुति सिलेरियो कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों को बचाने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।


पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।



प्रारंभिक जांच में कार के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वाहन तेज ढलान पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों ने खाई में उतरकर घायलों और वाहन की तलाश की। इस दौरान एक महिला का शव बरामद किया गया। अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए घंटों तक अभियान चलाया गया।

कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष, गाजियाबाद) और संगीता (46 वर्ष, दिल्ली) सवार थे। बताया गया कि सभी लोग उत्तरकाशी से वापस लौट रहे थे और रास्ते में एक दुकान से सामान खरीदने के लिए रुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



पुलिस ने मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और वाहन की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच कराने की अपील की है।

