दिनेशपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को नशामुक्ति का संदेश

दिनेशपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को नशामुक्ति का संदेश

स्थान : दिनेशपुर (उधम सिंह नगर )
ब्यरो रेपोर्ट

दिनेशपुर के जयनगर नंबर-3 में स्थानीय युवाओं द्वारा एक भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, खेल के प्रति समर्पण और जीत का जुनून दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना नहीं था, बल्कि युवाओं को नशे की लत से दूर रहने और खेलों की ओर प्रेरित करना भी था। आयोजकों ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंस रही है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

खिलाड़ियों ने कहा कि यदि युवा खेल गतिविधियों में भाग लेंगे तो उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होगा। खेल न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं, जिससे युवा गलत रास्तों पर जाने से बच सकते हैं।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सोनू शर्मा और गगनदीप सिंह ने शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और युवाओं द्वारा शुरू की गई इस पहल की सराहना की।

समाजसेवी सोनू शर्मा ने कहा कि जयनगर के युवाओं ने समाज को सकारात्मक दिशा देने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को एकजुट करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ और जागरूक बनाने का माध्यम भी बनती हैं।

उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों से सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि सबसे खतरनाक नशे की आदत से दूर रहकर युवाओं को अपने भविष्य को मजबूत बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यदि युवा खेल के मैदान में पसीना बहाएंगे तो वे न केवल अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करेंगे, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता ने खेल और नशामुक्ति के संदेश को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया।