2027 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज, हरिद्वार सीट से शिवा चौहान ने पेश की दावेदारी

2027 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज, हरिद्वार सीट से शिवा चौहान ने पेश की दावेदारी

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज होने लगी हैं। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संभावित दावेदार जनता के बीच पहुंचकर अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। हरिद्वार की चर्चित और महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

वर्तमान में हरिद्वार विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत कर रही हैं। इससे पहले इस सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वामी यतिश्वरानंद विधायक रह चुके हैं और आज भी क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर इस सीट पर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा दिलचस्प होती जा रही है।

इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा के युवा नेता और जिला किसान मोर्चा मंत्री शिवा चौहान ने भी अपनी दावेदारी मजबूत करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के रानीमाजरा गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान शिवा चौहान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार लोगों के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं।

शिवा चौहान ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाती है तो वे प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति दी जाएगी।

उन्होंने ग्रामीणों से आगामी विधानसभा चुनाव में सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने संगठन स्तर पर भी अपनी दावेदारी को मजबूती से रखने की बात कही।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने भी स्थानीय प्रतिनिधित्व की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि इस बार क्षेत्र का विधायक ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो स्थानीय निवासी हो और जनता की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझता हो। कई ग्रामीणों ने शिवा चौहान को क्षेत्र का सक्रिय और जमीनी युवा नेता बताते हुए कहा कि यदि भाजपा उन्हें टिकट देती है तो वे रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर सकते हैं।