नीट पुनर्परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव सख्त, सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

नीट पुनर्परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव सख्त, सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट

आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और लीक-प्रूफ बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नीट अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने परीक्षा के दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।

मुख्य सचिव ने मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए सभी जिलों को बैकअप प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक में 14 जून को प्रस्तावित यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थलों पर पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योग दिवस के आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।