

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट


देहरादून में शहरी विकास मंत्री राम सिंह केड़ा ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय में प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया तथा विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी निकायों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए और सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।


स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मंत्री ने बताया कि प्रदेश के निकायों को 500 नए कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं, जिससे सफाई व्यवस्था में सुधार और निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

राम सिंह केड़ा ने निकायों को अपने राजस्व स्रोत बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत निकाय ही बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करा सकते हैं और विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं।

मंत्री ने सभी निकायों को डंपिंग जोन विकसित करने और आवारा पशुओं के लिए शेल्टर होम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के अभाव में स्वच्छता और यातायात दोनों प्रभावित होते हैं, इसलिए इन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाना चाहिए।


बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत और गैस पाइपलाइन जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।



बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास योजनाओं से संबंधित सुझाव रखे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी निकायों की आवश्यकताओं और समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर विकास कार्यों को और गति दी जाएगी, ताकि शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

