कैंची धाम मेले की तैयारियां तेज, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की हुई व्यापक समीक्षा

कैंची धाम मेले की तैयारियां तेज, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की हुई व्यापक समीक्षा

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रेपोर्ट

आगामी 15 जून 2026 को बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कैंची धाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तैयार किए गए ट्रैफिक एवं सुरक्षा प्लान की जानकारी भी साझा की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंची धाम यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सभी प्रकार के अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मेले के दौरान संचालित होने वाली शटल सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक शटल सेवा संचालन स्थल पर पुलिस, राजस्व विभाग और परिवहन विभाग के एक-एक प्रतिनिधि की तैनाती की जाएगी, जो व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।

भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके अलावा वैकल्पिक यातायात और भीड़ प्रबंधन योजना भी तैयार की गई है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभाव से लागू किया जा सकेगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, यातायात पुलिस एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस द्वारा पूरे मेले के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, परिवहन निगम की महाप्रबंधक पूजा जोशी, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरुदेव सिंह, अरविंद पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप शाह, आलोक चौपड़ा, शैलेंद्र शाह, पवन रधुवंशी सहित मंदिर समिति, व्यापार मंडल और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।