
स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

पौड़ी शरदोत्सव की तीसरी और अंतिम सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और पारंपरिक नृत्यों के नाम रही। प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों की मधुर धुनों पर युवा जमकर थिरके, जबकि पारंपरिक जागर और लोकनृत्यों ने पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक पेश की। कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी फिंचाराम भी कलाकारों के साथ जौनसारी नृत्य करते नजर आए।

पौड़ी शरदोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के जाने-माने लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी, रेशमा शाह, लोकगायक किशन महिपाल और अमित सागर ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और देर रात तक संगीत का आनंद लिया।




सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी ने मां नंदा की स्तुति ‘जै नन्दा भगवती’ से किया। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक जागर शैली में ‘ऊंचा डांडा कांठा मा तेरु तंबू तन्येणु चा’, ‘भलु लगदु मेरु मुल्क स्वाणु रे’ और ‘गेर गेंदुवा’ जैसे लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। उनके गीतों ने पहाड़ की धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने उनकी प्रस्तुतियों का तालियों के साथ स्वागत किया।


वहीं, प्रसिद्ध लोकगायिका रेशमा शाह ने अपने जौनसारी गीत ‘नृत्य ले भुजी जाला ले चुड़ा’ की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल में उत्साह भर दिया। गीत की धुन पर युवा दर्शक खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। जौनसारी लोक संस्कृति की पारंपरिक लय और संगीत ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। रेशमा शाह की प्रस्तुति के दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


लोकगायक अमित सागर ने अपने लोकप्रिय गीत ‘चैता की चैत्वाली’ से दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया। वहीं, लोकगायक किशन महिपाल ने ‘स्याली भांपाली’ और ‘जिया कोरी कोरी खांदू खांदू’ जैसे चर्चित गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में नृत्य निर्देशन अंकित नेगी और संगीत संयोजन सुभाष पांडे ने किया। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के इस संगम ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का सबसे खास पल उस समय आया, जब लोकगायिका रेशमा शाह ने अपनी प्रस्तुति के दौरान मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी फिंचाराम से कलाकारों के साथ मंच पर नृत्य करने का आग्रह किया। अपर जिलाधिकारी ने सहजता से उनका आग्रह स्वीकार किया और कलाकारों की टीम के साथ पारंपरिक जौनसारी नृत्य की लय पर कदमताल की। प्रशासनिक अधिकारी को कलाकारों के साथ नृत्य करते देख दर्शकों में उत्साह बढ़ गया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।



इससे पूर्व मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी फिंचाराम ने अपने संबोधन में पौड़ी शरदोत्सव के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का अनूठा स्वरूप देखने को मिल रहा है। देव स्तुतियों, जागर और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


अपर जिलाधिकारी ने पौड़ी शरदोत्सव के सफल आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम में पारंपरिक लोक संगीत और नृत्यों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को पहाड़ की संस्कृति से रूबरू कराया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, रामलीला समिति के सचिव राम सिंह रावत, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र रावत सहित विभिन्न वार्डों के सभासद और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पौड़ी शरदोत्सव की तीसरी और अंतिम सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, जागर और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुई। कलाकारों के प्रदर्शन और अपर जिलाधिकारी के जौनसारी नृत्य ने इस सांस्कृतिक आयोजन को विशेष रूप से यादगार बना दिया।

