

स्थान : रुड़की
ब्यरो रेपोर्ट


मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिबरहेड़ी गांव में 7 जून को दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी और गोली चलने की घटना के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद से पुलिस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।


घटना के तत्काल बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



लिबरहेड़ी गांव में हुए इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग की घटनाएं सामने आई थीं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।


इस मामले से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग पत्थरबाजी करते और घटना के दौरान इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

मंगलौर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिनय चौधरी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

