

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार में ई-रिक्शाओं के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान देखने को मिला। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की।


अभियान के दौरान एआरटीओ नेहा झा और निखिल शर्मा की अगुवाई में बाजारों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में ई-रिक्शाओं की जांच की गई। टीम ने दस्तावेजों, वाहन सत्यापन और सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की।

जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे ई-रिक्शा पाए गए जो बिना जरूरी दस्तावेजों और बिना अनिवार्य QR कोड स्टिकर के सड़कों पर दौड़ रहे थे। इसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही माना गया।


नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से चालकों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने कहा कि QR कोड स्टिकर वाहन और चालक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है। इससे यात्रियों को सुरक्षा मिलती है और किसी भी शिकायत या दुर्घटना की स्थिति में वाहन की जानकारी तुरंत मिल सकती है।


परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन और बिना QR स्टिकर के कोई भी ई-रिक्शा अब सड़क पर नहीं चल सकेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।


कार्रवाई के दौरान कई चालकों को मौके पर ही जरूरी दस्तावेज पूरे करने और वाहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।


प्रशासन ने सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन के सभी दस्तावेज अपडेट रखें और अनिवार्य QR स्टिकर लगवाएं, ताकि भविष्य में सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।

