चंपावत दुष्कर्म प्रकरण पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

चंपावत दुष्कर्म प्रकरण पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। घटना में भाजपा नेता का नाम सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है और कांग्रेस ने सरकार व भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व से लेकर जिला स्तर तक पार्टी नेताओं ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार करने वाली हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में कई जगह भाजपा नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर आवाज उठाएगी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि वह जल्द पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में लीपापोती की कोशिश हुई या निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।

दूसरी ओर, आरोपी पक्ष के परिजनों ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हर पहलू से जांच करने की बात कह रहा है।

इस घटना के बाद पूरे उत्तराखंड में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सत्ता और विपक्ष दोनों की नजर अब पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।