हरिद्वार सिडकुल में पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, 51 लोग हिरासत में

हरिद्वार सिडकुल में पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, 51 लोग हिरासत में

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 51 लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। खासतौर पर महिलाओं पर फब्तियां कसने और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं बढ़ने से लोगों में नाराजगी थी।

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सड़कों के किनारे, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग की। इस दौरान शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वाले लोगों को मौके से पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से कुल 51 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों से जुर्माना भी वसूला गया और उन्हें भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाए रखना और आम जनता, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है और आम लोगों ने भी इस पहल का समर्थन किया है।