

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

खाई में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।


मामला तल्लीताल थाना क्षेत्र का है, जहां 23 अप्रैल को भुजियाघाट स्थित शौर्य रिजॉर्ट के जीएम भावेश पाण्डे ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके होटल में कार्यरत रानीखेत निवासी 33 वर्षीय दिनेश चन्द्र उपाध्याय 22 अप्रैल को एक दिन की छुट्टी लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

जब होटल प्रबंधन ने परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि दिनेश घर भी नहीं पहुंचा है। इसके बाद उसकी गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।


जांच के दौरान एसडीआरएफ, डॉग स्क्वाड, सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन और दमकल विभाग की मदद से लगातार तीन से चार दिनों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी बीच 27 अप्रैल को दिनेश का शव गहरी खाई से बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उस रात दिनेश के साथ मौजूद तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।


पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना वाली रात चारों दोस्तों ने मिलकर 11 बोतल बीयर और दो बोतल अंग्रेजी शराब का सेवन किया था। इसी दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।


पूछताछ के दौरान सौड़ गांव निवासी 23 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि विवाद के दौरान उसने भावावेश में आकर भावली रोड पर दिनेश को गहरी खाई में धक्का दे दिया।

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बीएनएस 2023 की धारा 103/238 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

