

स्थान : हरिद्वार (लक्सर)
ब्यरो रिपोर्ट

लक्सर क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी में उस समय शोक और गुस्से का माहौल बन गया, जब पंजाब के खन्ना में मजदूरी करने गए दो युवकों के शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हालत में बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया।


परिजनों के अनुसार, दोनों युवक करीब 15 दिन पहले पंजाब के खन्ना स्थित एक ठेकेदार के पास काम करने गए थे। गांव में 27 अप्रैल को एक शादी का कार्यक्रम तय था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों युवक 25 अप्रैल को घर के लिए रवाना हुए थे।

बताया गया कि रास्ते में ही दोनों युवकों के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पाए गए। इस संबंध में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद 26 अप्रैल को परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।


परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने पंजाब के एक ठेकेदार रियासत अली पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है।
पूर्व प्रधान ताहिर हसन, मेहरबान अली, कल्लू हसन और मृतक महताब के पिता ने बताया कि ठेकेदार पहले भी युवकों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करता था। उनका कहना है कि घटना के बाद ठेकेदार ने न तो कोई सहयोग किया और न ही परिजनों से संपर्क किया।


परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा धमकी दी जा रही है। उनके मुताबिक, ठेकेदार ने कहा कि “मैं किसी से नहीं डरता, जिसे जो करना है कर ले”, जिससे परिवार में और आक्रोश बढ़ गया है।


घटना के बाद मृतकों के परिवारों में भारी रोष है। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि वे खन्ना जाकर संबंधित थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराएंगे।

ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गांव में इस घटना को लेकर शोक के साथ-साथ न्याय की मांग तेज हो गई है।

